संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-दिनांक 25/4/2026 को बोधगयाजी मगध विश्वविद्यालय एमयूके परिसर स्थित हेल्थ सेंटर मैदान में शनिवार को प्रथम पूर्व छात्र सम्मेलन महासंगम–2026 का भव्य आयोजन किया गया। स्मृतियों का पुनर्मिलन, भविष्य का निर्माण की थीम पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में विभिन्न दशकों के पूर्व छात्र एक मंच पर एकत्रित हुए। अत्याधुनिक परीक्षा भवन का होगा निर्माण स्वागत भाषण देते हुए कुलपति प्रो. एस. पी. शाही ने विश्वविद्यालय की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में एक अत्याधुनिक परीक्षा भवन बनाया जा रहा है,
जिसका नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा जाएगा। कुलपति ने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। जीतन राम मांझी ने साझा की यादें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए इस आयोजन को एक भावुक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित प्रौद्योगिकी केंद्र युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने सामाजिक न्याय के लिए समान शिक्षा की आवश्यकता पर भी बल दिया।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति:---
कार्यक्रम में मुंगेर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रंजीत कुमार वर्मा, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. सुधीर कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे। पूर्व सांसद डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बोधगया की ज्ञान परंपरा के महत्व को रेखांकित किया, वहीं पूर्व एमएलसी डॉ. संजीव श्याम ने पूर्व छात्र निधि में ₹1 लाख के योगदान की घोषणा की। एमएलसी प्रो. नवल किशोर यादव ने समाज निर्माण में समावेशी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। सम्मान और सांस्कृतिक गौरव इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न संकायों की प्रदर्शनी और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलगीत और वंदे मातरम् की प्रस्तुति ने माहौल को गौरवपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट पूर्व छात्रों और आजीवन सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। संयोजक प्रो. निभा सिंह ने इस आयोजन को पीढ़ियों के बीच का भावनात्मक सेतु बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. दीप शिखा पांडेय, डॉ. परम् प्रकाश एवं डॉ. जियाउल्लाह अनवर ने किया। अंत में कुलसचिव डॉ. बिनोद कुमार मंगलम ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ महासंगम का समापन हुआ।


Post a Comment