महराजगंज। जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा अगया निवासी धर्मवीर की सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मवीर पुत्र छेदी , निवासी ग्राम सभा अगया के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मवीर सुबह करीब 7:30 बजे अपनी बाइक से परतावल की ओर जा रहा था। रास्ते में भिटौली पेट्रोल पंप के सामने उसने अपनी बाइक खड़ी कर कुछ सामान लेने चला गया। सामान लेकर वापस लौटते समय जैसे ही वह सड़क पर चढ़ा, तभी गोरखपुर से महराजगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक (UP 61 T 2672) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक की टक्कर से धर्मवीर के सिर के चिथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शव की हालत देखकर बेसुध हो गए।
बताया जा रहा है कि धर्मवीर की दूसरी शादी 28 वर्षीय प्रमिला से हुई थी, जबकि पहली पत्नी से उसका 13 वर्षीय पुत्र कुंदन है, जो इस समय अपने मामा के घर गया हुआ है। धर्मवीर अपने माता-पिता की तीन संतानों में शामिल था। लगभग 65 वर्षीय पिता छेदी और माता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment