⚡ ब्रेकिंग News

पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक, निरीक्षण में सब कुछ सामान्य—डीएम ने कहा ‘घबराएं नहीं, जरूरत भर ही खरीदें’...

पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक, निरीक्षण में सब कुछ सामान्य—डीएम ने कहा ‘घबराएं नहीं, जरूरत भर ही खरीदें’...


महराजगंज:-27 मार्च 2026 जनपद में पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी ने खुद मोर्चा संभालते हुए जमीनी हकीकत जांची। एसडीएम सदर और जिला पूर्ति अधिकारी के साथ विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर उन्होंने साफ कर दिया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है, बल्कि अफवाहों के कारण ही पंपों पर भीड़ बढ़ रही है।

सबसे पहले डीएम पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां स्टॉक और बिक्री का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर में से लगभग 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी है, जबकि डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर में से 3,523 लीटर की खपत हुई है। नियमित आपूर्ति जारी है और किसी प्रकार की बाधा नहीं है।


निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के चलते लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन रही है। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे ग्राहकों को सही जानकारी दें और पैनिक खरीद को रोकने में सहयोग करें।

इसके बाद डीएम महुअवा ढाला स्थित मा बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन पहुंचे, जहां भी स्थिति सामान्य पाई गई। यहां पेट्रोल का स्टॉक 23,890 लीटर में से 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी, जबकि डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर में से मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज हुई। हालांकि उपभोक्ताओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक देखी गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में गैलन या डिब्बों में ईंधन की बिक्री न की जाए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों या असामान्य खरीद पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने मौके पर मौजूद आम लोगों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक भंडारण से न केवल दूसरों को परेशानी होती है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण जारी रखें और कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर तुरंत सख्त कार्रवाई करें।

आंकड़ों में स्थिति:

जनपद में कुल पेट्रोल पंप: 134

उपलब्ध डीजल: 1036 किलोलीटर

उपलब्ध पेट्रोल: 842 किलोलीटर

26 मार्च की बिक्री:

डीजल: 650 किलोलीटर

पेट्रोल: 376 किलोलीटर।

महराजगंज में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। अफवाहों से बचें, संयम बरतें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें—यही प्रशासन की अपील है।

       प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह.

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...