⚡ ब्रेकिंग News

महाराजगंज में प्रतिभाओं का महाकुंभ: दो दिवसीय महोत्सव में साहित्य, चिकित्सा और विज्ञान के सितारे सम्मानित....




महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में चल रहे दो दिवसीय महोत्सव रूपी कार्यक्रमों ने जनपद की बौद्धिक और सामाजिक ऊर्जा को नई दिशा दी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के समापन सत्र में साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।

समारोह में साहित्यकार एवं लेखक, कोलकाता विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त आचार्य डॉ. अमरनाथ को पंडित हरिद्वार भट्ट साहित्य सेवा सम्मान से नवाजा गया। उन्हें प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र, अभिनंदन पत्र तथा 5100 रुपये की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके साहित्यिक योगदान को ज्ञान और संवेदना का अद्भुत संगम बताया गया।

चिकित्सा एवं सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला चिकित्सालय में नियुक्त तथा सिटी सेंटर हॉस्पिटल महाराजगंज की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. ज्योत्सना मिश्रा को सोनपति देवी नारी शक्ति सम्मान प्रदान किया गया। समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके समर्पण को सराहा गया। उन्हें भी प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र, अभिनंदन पत्र और 5100 रुपये की सम्मान राशि दी गई।

इसी क्रम में विज्ञान के क्षेत्र में जनजागरूकता और विज्ञान संचार को बढ़ावा देने वाले विमल कुमार पांडे को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान पारितोषिक सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र, अभिनंदन पत्र एवं 5100 रुपये नगद प्रदान किए गए।

महाविद्यालय की शोध छात्रा दिव्या शाही को उनके अकादमिक योगदान के लिए हजारी प्रसाद द्विवेदी शोध सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़ी गूगल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “नई समस्या, सशक्तिकरण और मानवता” का अतिथियों द्वारा लोकार्पण भी किया गया, जिसने समारोह को बौद्धिक गरिमा प्रदान की।

समारोह का संचालन डॉ. शांति शरण मिश्र ने प्रभावी ढंग से किया। प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी निभा रहे डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संयोजक डॉ. विपिन यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

दो दिवसीय इस महोत्सव ने यह संदेश दिया कि जब शिक्षा, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा एक मंच पर संगठित होते हैं, तो जनपद की प्रतिभाएं नई ऊंचाइयों को स्पर्श करती हैं।

       प्रभारी महराजगंज 

         कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...