ठूठीबारी, महराजगंज। इंडो-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली में तैनात थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पर पत्रकार दिनेश रौनियार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकार ने रविवार को क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह को पत्रक सौंपकर कथित पुलिस उत्पीड़न से परेशान होकर सहपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
पत्रकार दिनेश रौनियार का आरोप है कि थाना प्रभारी द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज की गई तथा गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि 2 सितंबर को कुछ पुलिसकर्मी बिना पूर्व सूचना उनके घर में दाखिल हो गए। विरोध करने पर उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया।
पत्रकार ने पुलिस प्रताड़ना के साथ-साथ रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगातार दबाव और कथित उत्पीड़न के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
पत्रकार ने थाना प्रभारी पर पिछले करीब दो महीने से घूसखोरी और तस्करी समेत कई गंभीर आरोप लगाए जाने का भी दावा किया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब जांच पर टिकी निगाहें----
मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण निष्पक्ष जांच की मांग और भी महत्वपूर्ण हो गई है। सवाल यह है कि क्या वरिष्ठ अधिकारी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाएंगे? क्या शिकायतकर्ता पत्रकार को न्याय मिलेगा और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होगी?
फिलहाल मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के रुख और जांच के परिणाम का इंतजार है। शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق