थाना लालगंज से रामजीत की रिपोर्ट.
ATH NEWS 11 GROUP -:लालगंज -बस्ती जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी एवं आपत्तिजनक फोटो/वीडियो प्रसारित किए जाने के विरोध में शनिवार को शिव शंकर श्रीवास्तव एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में ऐसी सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन का नेतृत्व शिव शंकर श्रीवास्तव एडवोकेट ने किया।
ज्ञापन देने के बाद एडवोकेट शिव शंकर श्रीवास्तव ने कहा कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में भ्रामक, निराधार, आपत्तिजनक एवं अभद्र सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ ही समाज में गलत संदेश जाने की आशंका है। उन्होंने ऐसी पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि आगामी चुनाव को देखते हुए इस तरह की सामग्री के प्रसार के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रतिनिधिमंडल ने मांग किया कि इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यदि जांच में कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में विंध्यवासिनी पाठक, अमरेश सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, रमेश चंद्र पाण्डेय, विजयकांत सिंह, बृजेश पाण्डेय, राकेश कुमार, अजय मिश्रा, शीतल दत्त सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment