झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों सहित कोचिंग संस्थानों में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के कई विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों को सम्मानित किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही वह मार्गदर्शक होते हैं, जो जीवन में सही दिशा दिखाते हैं और सफलता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस दौरान गुरु-शिष्य के बीच अथाह प्रेम और सम्मान का भाव देखने को मिला। शिक्षकों ने भी अपने विद्यार्थियों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
शिक्षकों ने कहा कि जीवन में गुरु का सम्मान करना बेहद जरूरी है। गुरु से प्राप्त शिक्षा मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। धन-दौलत को बांटा जा सकता है, लेकिन शिक्षा एक ऐसी अमूल्य संपत्ति है, जिसे जितना बांटा जाए, वह उतनी ही बढ़ती जाती है। शिक्षा ही मनुष्य को सही और गलत के बीच अंतर समझने तथा जीवन में आगे बढ़ने की क्षमता प्रदान करती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में हमेशा अपने गुरुजनों का सम्मान करें और उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। शिक्षक दिवस के अवसर पर पूरे कांडी प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

إرسال تعليق