संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
गयाजी पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन नारकोश' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर चेरापल्ली-पटना समर स्पेशल (गाड़ी संख्या 03254) से 22.211 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 11,10,550 रुपये बताई जा रही है।
निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, थानाध्यक्ष शिव कुमार एवं निरीक्षक चंदन कुमार के निर्देशन में उप निरीक्षक विकास कुमार, आरपीएफ मानपुर आऊट पोस्ट, सीपीडीएस गया और जीआरपी की संयुक्त टीम गया स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के लिए गश्त कर रही थी। दोपहर लगभग 14:50 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही की गई चेकिंग के दौरान कोच संख्या S/3 से लावारिस अवस्था में 4 बैग बरामद हुए।
बैगों की तलाशी लेने पर उनमें से 22 बंडल गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त (रेसुब) संजय कुमार सिंह के समक्ष पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उप निरीक्षक विकास कुमार द्वारा जब्ती सूची तैयार की गई। जब्त मादक पदार्थ को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
================
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, गया स्टेशन पर 130 लीटर शराब के साथ एक आरोपी धराया।
गयाजी रेलवे स्टेशन से 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत 130 लीटर देशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार.
गया। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत कार्रवाई करते हुए गया रेलवे स्टेशन से 130 लीटर देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 04 सितंबर 2026 को स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01 सी के हावड़ा छोर पर एक संदिग्ध युवक को 07 जूट और प्लास्टिक के बोरों के साथ देखा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम धीरज कुमार (22 वर्ष), पिता- विजय चौधरी, निवासी- अंदर वैरागी, जनता कॉलोनी, वार्ड नंबर-10, थाना- डेल्हा, जिला- गया बताया।
मौके पर नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद 07 बोरों में से कुल 26 पैकेट (प्रत्येक 5 लीटर) देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 130 लीटर पाई गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस शराब को झारखंड से लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
गया आरपीएफ के उप-निरीक्षक विकास कुमार, सीपीडीएस (CPDS) टीम और जीआरपी पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया लाया गया। मामले में उ०नि० विकास कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर कांड संख्या 219/2026, धारा 30(a) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 13,000 रुपये आंकी गई है।

إرسال تعليق