मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 01/09/2026 कुटुंबा थाना क्षेत्र में इलाज कराने जा रही नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, तीसरा आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। परिजनों के अनुसार, तबीयत खराब होने पर किशोरी अकेले रेफरल अस्पताल कुटुंबा जा रही थी। उसकी मां छोटे बच्चे के साथ पहले ही अस्पताल पहुंच गई थी। इसी दौरान देवरिया नहर फॉल के समीप सुनसान स्थान पर कार सवार तीन युवकों ने किशोरी को जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोप है कि युवकों ने उसका मुंह बांधकर उसे सुनसान जगह ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने किशोरी को जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए।
घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कुटुंबा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने नामजद आरोपियों में दुधमी गांव निवासी प्रिंस कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को मेडिकल जांच समेत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीसरे आरोपी राजू कुमार उर्फ झुन्नू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
*एसपी ने थाने पहुंचकर की मामले की समीक्षा*
घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी ने स्वयं कुटुंबा थाना पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने जांच अधिकारियों को वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने, फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने तथा मामले का अनुसंधान प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment