⚡ ब्रेकिंग News

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अभाविप कांडी ईकाई के कार्यकर्ताओं हेमंत सोरेन का किया पुतला दहन, आखिर क्यों पढ़ें खबर विस्तार से

 झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।





एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित कांडी बाजार में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कांडी इकाई के कार्यकर्ताओं ने झारखंड में जेएसएससी एवं जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि रांची महानगर के कार्यकर्ता जेएसएससी और जेपीएससी में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता करने तथा अपनी मांगों को रखने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री आक्रोश मार्च’ के माध्यम से आगे बढ़ रहे थे। आरोप है कि सरकार द्वारा पुलिस प्रशासन का प्रयोग करते हुए आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। इसी के विरोध में अभाविप कांडी इकाई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांडी बाजार में विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता का सीधा असर राज्य के हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर पड़ता है। युवा लंबे समय तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश उत्पन्न होता है। अभाविप ने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।


पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गिरफ्तार किए गए आंदोलनकारियों को तत्काल रिहा करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए और वार्ता के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जेएसएससी एवं जेपीएससी से जुड़े मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई और विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो संगठन आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका आंदोलन विद्यार्थियों के हित और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य के युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास कायम रह सके।

इस दौरान अभाविप के कार्यकर्ता एवं स्थानीय छात्र-युवा मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और छात्र हित में आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...