झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के जमुआ गांव में बुधवार को पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय एवं बलियारी पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम कुमार रवि ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बताया गया कि जमुआ गांव के पश्चिमी टोला में ग्रामीणों के आवागमन के लिए यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति खराब हो जाने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए प्रखंड प्रमुख एवं मुखिया ने आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण कराने की पहल की।
यह पीसीसी पथ 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्मित कराया जा रहा है। सड़क की लंबाई करीब 210 फीट तथा चौड़ाई 11 फीट होगी। इसका निर्माण बचन राम के घर से लल्लू राम के घर तक करीब 2 लाख 49 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
इस मौके पर प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि कांडी प्रखंड क्षेत्र के प्रत्येक गांव और टोले में छोटी-छोटी सड़क एवं नाली से संबंधित जो भी कार्य बाकी हैं, उन्हें भी जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
वहीं बलियारी पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम कुमार रवि ने कहा कि पंचायत को सुंदर, स्वच्छ एवं विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मौके पर उपस्थित विनोद कुमार रवि सुजीत कुमार मेहता, प्रकाश मिश्रा, धीरेन्द्र मिश्रा, कांडी बीडीसी प्रतिनिधि अनूप पासवान, सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।

Post a Comment