मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में बारुण प्रखंड अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय बारुण में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं को प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान तथा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज कराया जा सकेगा। इनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, प्राध्यापकों एवं शिक्षकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना अथवा अनुपस्थित रहना, समय पर परीक्षा का संचालन नहीं होना, परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना, अनधिकृत फीस अथवा शुल्क की वसूली, कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था से संबंधित समस्या, प्रयोगशालाओं की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था से संबंधित समस्याएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कोचिंग से संबंधित समस्याओं तथा संस्थान में विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों को भी विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराया जा सकेगा।
सर्वप्रथम कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से किया गया। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथियों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया गया। साथ ही एक छात्रा द्वारा विद्यार्थी सहयोग शिविर के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए गए।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए विद्यार्थी सहयोग शिविर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थी सहयोग शिविर के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय में हम सभी का उपस्थित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने, समझने और उनके समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार सरकार द्वारा दिनांक 17 अगस्त 2026 को किया गया था। विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के प्रभावी समाधान तथा उनके सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 भी उपलब्ध है। विद्यार्थी इस नंबर पर विद्यार्थी सहयोग शिविर अथवा पोर्टल से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस पहल को और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न छात्रावासों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जाएगा तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की मॉनिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो तथा उसकी समस्या का समयबद्ध तरीके से समाधान हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल और विद्यार्थी सहयोग शिविर प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच संवाद की एक मजबूत कड़ी बनेंगे तथा जिले के विद्यार्थियों के हित में एक सार्थक पहल सिद्ध होगा।इस अवसर पर जिले के स्काउट एवं गाइड के बच्चों, जिन्होंने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उन्हें राज्य पुरस्कार का प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार, पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

إرسال تعليق