संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP:-दिनांक 15/8/2026 को गयाजी 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन, गयाजी द्वारा शनिवार को टाउन हॉल (प्रेक्षागृह हरिदास सेमिनरी स्कूल) में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के रंगों से सजे इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों के बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विभाग सह प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी गया, जिला परिषद् अध्यक्षा, उप विकास आयुक्त एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
आयोजन की प्रमुख झलकियां:-
OTA बैंड का जलवा:- कार्यक्रम में OTA बैंड ने कदम-कदम बढ़ाए जा, सारे जहां से अच्छा, और ए मेरे वतन के लोगों जैसे कालजयी देशभक्ति गीतों की धुनों से पूरे सभागार को गुंजायमान कर दिया।
ऑपरेशन सिंदूर का जीवंत मंचन:- प्रेम डांस स्टूडियो के बच्चों द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने देश की वीरता, साहस और राष्ट्रीय सुरक्षा के जज्बे को दर्शाते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतिभावान बच्चों का सम्मान:- विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा के हाथों सम्मानित किया गया। साथ ही, जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
विशेष प्रस्तुतियां: किलकारी बिहार बाल भवन के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और चांदनी के देशप्रेम से ओत-प्रोत गीत आकर्षण का केंद्र रहे।
बिहार राज्य गीत से सांस्कृतिक गरिमा: गुरुकुल संस्था, गया के कलाकारों ने तबला और हारमोनियम की मधुर धुनों पर बिहार राज्य गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का सफल मंचन शिवेंद्र मालवीय ने किया। अंत में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि बाला ने सभी सहयोगियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ इस यादगार समारोह का विधिवत समापन हुआ।

Post a Comment