मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 20/07/2026 जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औरंगाबाद जिले के सभी प्रखंडों में न्यूट्रिशन किट का वितरण किया गया। अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में *20-20 न्यूट्रिशन किट* का वितरण टीबी मरीजों के बीच किया गया।इस अवसर पर बताया गया कि टीबी के उपचार के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से वितरित न्यूट्रिशन किट में *प्रोटीन युक्त सोया चंक्स, मूंगफली, आटा एवं खाद्य तेल (एडिबल ऑयल)* उपलब्ध कराया गया है, ताकि मरीजों को उपचार अवधि के दौरान आवश्यक पोषण मिल सके।जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य भारत को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करना है। इसके लिए मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार, पोषण सहायता एवं जनभागीदारी पर विशेष बल दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें। तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क टीबी जांच कराएं। समय पर जांच एवं उपचार से टीबी का पूर्णतः इलाज संभव है।जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक टीबी मरीजों तक पोषण सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment