महराजगंज। परतावल ब्लॉक अंतर्गत सावन मास के प्रथम दिन जी.डी. नेशनल स्कूल, धनहा नायक में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों ने भगवान शिव-पार्वती एवं उनके परिवार की आकर्षक प्रस्तुति देकर पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान 'हर-हर महादेव' के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में छात्रा डिंपल गुप्ता ने भगवान महादेव (शिव) तथा ब्यूटी वर्मा ने माता पार्वती की भूमिका का प्रभावशाली अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। वहीं सौर्य सिंह एवं रुद्र सिंह ने भगवान शिव के पुत्रों का मनोहारी रूप धारण कर अपनी प्रस्तुति से खूब वाहवाही बटोरी।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर चंदन गुप्ता ने कहा कि सावन के प्रथम दिन इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति आस्था एवं जागरूकता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिक्षक हेमंत, जितेंद्र, बिपिन, मनोरमा और जानवी सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment