⚡ ब्रेकिंग News

औरंगाबाद में निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हरिनाम संकीर्तन से गुजेंगा पूरा नगर.






मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।







औरंगाबाद। आज दिनांक 15/07/2026 अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) औरंगाबाद, बिहार के द्वारा 18 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं देवी सुभद्रा की भव्य एवं दिव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन रथयात्रा दोपहर 3:00 बजे बाइपास स्थित पंचदेव मंदिर से प्रारंभ होगी।


रथयात्रा रमेश चौक, धर्मशाला मोड़, नगर थाना, सिन्हा कॉलेज मोड़ होते हुए फार्म मोड़ स्थित ISKCON मंदिर परिसर तक पहुँचेगी, जहाँ इसका समापन होगा।इस भव्य आध्यात्मिक महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, नगरवासी एवं विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। संपूर्ण यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ के पवित्र दिव्य नामों का संकीर्तन, मृदंग-करताल की मधुर ध्वनि, भक्तिमय भजन एवं उत्साहपूर्ण नृत्य से पूरा नगर भक्तिरस में सराबोर हो जाएगा। ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा कि प्रत्येक व्यक्ति वैकुण्ठीय आनंद का अनुभव कर सके।


वैदिक शास्त्रों में भगवान श्री जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा का अत्यंत विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक भगवान श्री जगन्नाथ भगवान के दर्शन करना, उनके रथ के साथ चलना तथा रथ की पवित्र रस्सी को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करना महान आध्यात्मिक पुण्य एवं भगवान की विशेष कृपा का कारण बनता है। यह महोत्सव केवल एक धार्मिक शोभायात्रा नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सद्भाव, सेवा और भगवान के पवित्र नामों के संकीर्तन का विश्वव्यापी उत्सव है।


रथयात्रा में औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के सम्मिलित होने की संभावना है।


पूरे रथयात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच भगवान श्री जगन्नाथ भगवान का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं रथयात्रा के समापन पर ISKCON मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के लिए स्वादिष्ट, पवित्र एवं भरपेट महाप्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था की गई है।


ISKCON औरंगाबाद, बिहार समस्त नगरवासियों से सादर आग्रह करता है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों सहित इस दिव्य रथयात्रा में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें, हरिनाम संकीर्तन में भाग लें, रथ की रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करें तथा महाप्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण करें।


यह जानकारी ISKCON औरंगाबाद, बिहार के अध्यक्ष परम आदरणीय अभय अच्युत दास तथा जनसंपर्क (PR) प्रमुख युगनायक दास द्वारा प्रदान की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...