सासाराम संवाददाता कु ०प्रशांत की रिपोर्ट.
सासाराम /रोहतास :- जिला प्रशासन द्वारा शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाने शुरू हो गए हैं। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में आज करगहर मोड़ एवं पोस्ट ऑफिस चौराहा के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान में मोटर वाहन निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न वाहनों की जांच की।
ऑटो, ई-रिक्शा, बस और बाइक चालकों पर कार्रवाई...
जांच अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, बस, मोटरसाइकिल समेत विभिन्न श्रेणी के वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल ₹4,02,200 (चार लाख दो हजार दो सौ रुपये) का अर्थदंड लगाया गया। प्रशासन का कहना है कि शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह अभियान अब नियमित रूप से चलाया जाएगा।
बिना पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के वसूली कितनी उचित?
हालांकि, प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ शहर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना दंडात्मक कार्रवाई कितनी व्यावहारिक और न्यायसंगत है।
लोगों का कहना है कि धर्मशाला, गोला बाजार, जानी बाजार, रौजा रोड और गौरक्षणी जैसे व्यस्त क्षेत्रों में वाहन चालकों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में वाहन चालक अपने वाहन कहां खड़े करें, यह एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है।
ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड की क्षमता पर भी उठे सवाल !
शहर में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंडों की संख्या, उनकी क्षमता और वास्तविक आवश्यकता को लेकर भी बहस तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण बड़ी संख्या में लोग ऑटो और ई-रिक्शा चलाकर आजीविका चला रहे हैं, जिसके कारण इन वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि वैकल्पिक रोजगार सृजन और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए किस स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को मजबूरीवश इस क्षेत्र में नहीं आना पड़े।
क्या सड़क जाम की जड़ बढ़ती आबादी और कमजोर शहरी योजना है?
कुछ नागरिकों का मानना है कि सड़क जाम की समस्या का मूल कारण केवल वाहन चालकों की संख्या नहीं, बल्कि तेजी से बढ़ती आबादी और सीमित शहरी आधारभूत संरचना भी है। उनका तर्क है कि शहर की सड़कें जिस समय की आबादी और यातायात आवश्यकता को ध्यान में रखकर बनाई गई थीं, वर्तमान परिस्थितियों में वे अपर्याप्त साबित हो रही हैं।
"सासाराम की गलियां" का मानना है कि सड़क जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केवल जुर्माना और जांच अभियान पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि पार्किंग नीति, सार्वजनिक परिवहन, शहरी नियोजन, रोजगार सृजन और जनसंख्या प्रबंधन जैसे विषयों पर भी व्यापक और दीर्घकालिक नीति निर्माण की आवश्यकता है।

Post a Comment