महराजगंज। जनपद में पुलिस की संवेदनशीलता और जनसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए एक अभ्यर्थी को डायल 112 की टीम ने समय रहते परीक्षा केंद्र पहुंचाकर उसका भविष्य संवरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जनपद के श्याम विहार कॉलोनी, पहलवारा निवासी अमन गुप्ता पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल पहुंचे थे। लेकिन रास्ते में विलंब होने के कारण वह दोपहर करीब 2:25 बजे परतावल चौराहे पर पहुंचे। परीक्षा केंद्र का गेट बंद होने में महज कुछ मिनट शेष थे, जिससे अभ्यर्थी की चिंता बढ़ गई और परीक्षा छूटने की आशंका सताने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमन गुप्ता ने तत्काल डायल 112 पर संपर्क कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पीआरबी 5813 पर तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अभ्यर्थी को वाहन में बैठाकर हूटर बजाते हुए तेजी से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुई।
पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित निर्णय का परिणाम यह रहा कि अभ्यर्थी ठीक दोपहर 2:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद होने से पहले पहुंच गया और परीक्षा में शामिल हो सका। समय पर मिली इस सहायता से अभ्यर्थी ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
घटना के दौरान मौजूद अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने भी डायल 112 की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन की मदद के लिए भी पूरी तत्परता से खड़ी रहती है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपात परिस्थितियों में डायल 112 सेवा आमजन के लिए भरोसे का मजबूत माध्यम बन चुकी है तथा पुलिस की जनसेवा और संवेदनशील कार्यशैली समाज में विश्वास को और मजबूत कर रही है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment