गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में जनगणना 2027 को लेकर सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्वगणना अभियान' ने कांडी प्रखंड में रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने खुद अपनी स्वगणना कर इस अभियान का विधिवत आगाह किया। अधिकारी के इस कदम ने न केवल प्रशासनिक अमले में स्फूर्ति भरी है, बल्कि आम जनता के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है। अभियान की शुरुआत करते हुए बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि बदलते दौर में तकनीक का लाभ उठाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि स्वगणना के माध्यम से कोई भी नागरिक अपने घर बैठे सुरक्षित और सरल तरीके से परिवार का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकता है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी।मौके पर श्री सहाय ने क्षेत्र के तमाम नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा, "जनगणना देश के विकास की नींव है। सभी नागरिक इस डिजिटल महाभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। आप स्वयं भी स्वगणना करें और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। आंकड़ों का सटीक संकलन ही आने वाली सरकारी योजनाओं का आधार बनेगा।"प्रखंड मुख्यालय से लेकर सुदूर गांवों तक इस पहल की चर्चा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब बड़े अधिकारी खुद आगे आकर डिजिटल माध्यम का उपयोग कर रहे हैं, तो आम जनता का मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है। प्रशासन की ओर से अब गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ऑनलाइन पोर्टल के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय के कई कर्मी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल को कांडी प्रखंड के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

Post a Comment