महराजगंज-परतावल कस्बे में गुरुवार को यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत पुलिस ने स्कूल बसों और अन्य वाहनों के फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस (DL), सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में जरूरी सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो स्कूली वाहनों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाए और हर वाहन में अग्निशामक यंत्र के साथ पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान चालकों को जागरूक भी किया गया और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई चालक दस्तावेज दुरुस्त कराने में जुटे नजर आए।
यातायात पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

Post a Comment