सासाराम:-आगामी भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिले में खराब पड़े सरकारी चापाकलों की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी उदिता सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर चापाकल मरम्मत दल को रवाना किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता सहित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड स्तर पर मरम्मत टीम का गठन किया गया है, जो खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें चालू करेगी, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल की समस्या न हो।
जिले में कुल 26,178 चापाकल हैं, जिनमें से कई चापाकल खराब पाए गए हैं। विभाग ने इस वर्ष 2,465 खराब चापाकलों की मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से खराब चापाकलों की जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि समय पर उनकी मरम्मत कराई जा सके।
चापाकलों की मरम्मत से संबंधित शिकायतों के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। लोग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 8544428995 पर संपर्क कर या व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Post a Comment