महराजगंज। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बृजमनगंज थाना परिसर में शुक्रवार को भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का अनूठा दृश्य देखने को मिला। एकल अभियान से जुड़ी दर्जनों महिलाएं हाथों में राखी, चंदन और मिठाई लेकर थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उन्हें अपना भाई बनाया। अचानक महिलाओं के थाने पहुंचने पर शुरुआत में पुलिसकर्मियों को लगा कि वे किसी शिकायत के सिलसिले में आई हैं, लेकिन हाथों में राखियां देखकर कुछ ही देर में थाने का माहौल आत्मीयता से भर गया।
महिलाओं ने थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा समेत सभी उपनिरीक्षकों, कांस्टेबलों और कार्यालय कर्मचारियों के माथे पर चंदन का तिलक लगाया। इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। खाकी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों के चेहरे पर भी बहनों के इस स्नेह से खुशी साफ दिखाई दी।
इस मौके पर थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि पुलिस का घर-परिवार वहीं हो जाता है, जहां वह सेवा देती है। पुलिस क्षेत्र की हर महिला को अपने परिवार के सदस्य के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहनों की रक्षा करता है, उसी तरह पुलिस क्षेत्र की महिलाओं की सुरक्षा के लिए सिर्फ त्योहार पर नहीं, बल्कि हर दिन पूरी जिम्मेदारी से तत्पर रहेगी।
पुलिसकर्मियों ने एकल अभियान से जुड़ी बहनों के इस स्नेहपूर्ण पहल की सराहना की और उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तैयार रहने का भरोसा दिलाया। वहीं महिलाओं ने भी सभी पुलिसकर्मियों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की।
रक्षाबंधन के इस मौके पर थाने में खाकी और बहनों के बीच बना यह रिश्ता क्षेत्र में भाईचारे, विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला संदेश दे गया।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment