संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP:-गयाजी जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और प्रयोग पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष छापामारी अभियान के तहत बेलागंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को देशी कट्टे, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि विरुद्ध बालक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
डीहा मोड़ के पास पुलिस को देखकर भागने की कोशिश----
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को बेलागंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पनारी की ओर से अवैध हथियार के साथ डीहा मोड़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम डीहा मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस बल को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें खदेड़कर धर दबोचा।
तलाशी में बरामद हुआ अवैध कट्टा---
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान गौरव कुमार (पिता- रवीन्द्र यादव, निवासी- पनारी, थाना- बेलागंज, जिला- गया) के रूप में हुई। विधिवत तलाशी लेने पर गौरव कुमार के पास से 01 देशी कट्टा और 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि निरुद्ध किए गए नाबालिग के पास से 01 अन्य मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल की गई 01 मोटरसाइकिल जब्त की गई।
अपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई:-
पूछताछ के दौरान हथियार के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार गौरव कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है; उसके खिलाफ बेलागंज थाने में वर्ष 2025 का एक मामला दर्ज है।
इस संबंध में बेलागंज थाना कांड संख्या-508/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। गया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।


Post a Comment