*मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद*
औरंगाबाद। आज दिनांक 21/08/2026 जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) के निर्देश पर बारूण-नवीनगर पथ के 11वें कि०मी० में ग्राम मेंह के पास सोन उच्चस्तरीय नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त उच्चस्तरीय पुल से भारी वाहनों के परिचालन को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके तथा आमजनों की सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल-01, औरंगाबाद द्वारा पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना दिए जाने के बाद जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा एन०टी०पी०सी० एवं बी०आर०बी०सी०एल०, नवीनगर से निकलने वाले एवं जपला की ओर से आने वाले भारी वाहनों के सुगम एवं निर्बाध आवागमन हेतु निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार एन०टी०पी०सी० एवं बी०आर०बी०सी०एल०, नवीनगर से निकलने वाले तथा जपला की ओर से आने वाले भारी वाहनों द्वारा नवीनगर-अम्बा-चतरा होते हुए एन०एच०-2 का उपयोग किया जाएगा। भारी वाहनों का परिचालन मुख्यतः रात्रि 08:00 बजे से प्रातः 07:00 बजे तक नियंत्रित रूप से कराया जाएगा, ताकि दिन के समय सामान्य यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और क्षतिग्रस्त मेंह पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः रोका जा सके।
रात्रि काल में नवीनगर से औरंगाबाद तथा औरंगाबाद से नवीनगर की ओर आने-जाने वाले हल्के एवं छोटे वाहनों को चतरा मोड़-माली-जयहिन्द-तेंदुआ होते हुए नवीनगर जाने वाले मार्ग से परिचालित कराया जाएगा।
बसन बिगहा मोड़ पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि रात्रि 08:00 बजे से प्रातः 07:00 बजे तक आवश्यकता के अनुसार हल्के एवं छोटे वाहनों को नवीनगर-माली-चतरा मोड़ मार्ग से परिचालित कराया जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा अम्बा चौक के समीप सड़क संकरी होने के कारण संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए अंचलाधिकारी कुटुम्बा चन्द्रप्रकाश, थानाध्यक्ष कुटुंबा इमरान आलम एवं अम्बा थानाध्यक्ष राहुल राज को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर अवैध/अनावश्यक अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा मेंह पुल से भारी वाहनों का परिचालन रोकने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु बी०आर०बी०सी०एल० परियोजना, नवीनगर के मुख्य द्वार, एन०पी०जी०पी०सी०एल० परियोजना, नवीनगर के मुख्य द्वार, मेंह पुल के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर, एन०टी०पी०सी० खैरा बाजार, सुरार पुल, रेलवे फाटक के प्रथम एवं द्वितीय छोर, तेतरिया मोड़, बसन बिगहा मोड़ सहित कुल 17 प्रमुख स्थलों पर तीनों पालियों में रोस्टर के अनुसार दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया है कि एन०टी०पी०सी० एवं बी०आर०बी०सी०एल० के मुख्य द्वार पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि परियोजना से निकलने वाला कोई भी भारी वाहन प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक अम्बा मुख्य मार्ग में प्रवेश न करे। इस अवधि में भारी वाहनों को परियोजना परिसर में ही नियंत्रित रखने अथवा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग एवं समय के अनुसार परिचालित करने हेतु परियोजना प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
नवीनगर रेलवे फाटक के समीप निर्माणाधीन पुल के कारण एक ओर ही सर्विस पुल का निर्माण हुआ है, जिस पर एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों का परिचालन संभव है। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि दोनों दिशाओं के वाहनों को नियंत्रित एवं चरणबद्ध तरीके से परिचालित कराएं। एक समय में विपरीत दिशाओं से वाहनों के प्रवेश को रोका जाए तथा रेलवे फाटक के समीप अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा पुलिस उपाधीक्षक यातायात औरंगाबाद को निर्देश दिया गया है कि नवीनगर की ओर से रात्रि में आने वाले भारी वाहनों के नियंत्रित प्रवेश हेतु अम्बा चौक से नवीनगर जाने वाले मार्ग में बतरे नदी के पास अस्थायी चेकपोस्ट स्थापित करना सुनिश्चित करें।
चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, अम्बा चौक पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर भारी वाहनों को चरणबद्ध एवं नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाएंगे, ताकि एक साथ अधिक वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला पदाधिकारी द्वारा मेंह पुल के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि उक्त क्षतिग्रस्त पुल से भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहे। अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर यातायात व्यवस्था की सतत निगरानी करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर आपस में समन्वय स्थापित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने आमजनों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि क्षतिग्रस्त पुल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा दिए जा रहे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।

Post a Comment