थाना लालगंज से रामजीत चौधरी रिपोर्ट.
ATH NEWS 11 GROUP -:लालगंज -बस्ती। रेलवे स्टेशन बस्ती के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बुधवार को चलती ट्रेन पकड़ने के प्रयास में एक महिला यात्री हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। महिला का संतुलन बिगड़ने पर वह ट्रेन की चपेट में आने लगी। मौके पर तैनात जीआरपी के दो जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को खींचकर सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को स्टेशन पर जीआरपी की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 से ट्रेन संख्या 14232 मनवार संगम एक्सप्रेस रवाना होने लगी। ट्रेन चलने के बाद महिला यात्री उसे पकड़ने के लिए दौड़ी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आने लगी।
प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेडकांस्टेबल उमेश यादव जीआरपी और आरक्षी इरफ़ान अंसारी जीआरपी ने बिना देर किए महिला को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दोनों जवानों की तत्परता से महिला की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
आरक्षी इरफ़ान अंसारी पूर्व में थाना लालगंज, जनपद बस्ती में भी तैनात रह चुके हैं। उनकी इस साहसिक कार्रवाई की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के लोगों और परिचित पुलिसकर्मियों ने भी सराहना की।
घटना के बाद यात्रियों और मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों के साहस की सराहना की। जीआरपी के इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने जवानों की प्रशंसा करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए ₹1,000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Post a Comment