रोहतास/सुंदरगंज। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुकुल स्कूल, सुंदरगंज की ओर से भव्य तिरंगा प्रभात यात्रा-2026 का आयोजन किया गया। विद्यालय के निदेशक आर.पी. सिंह एवं प्रधानाध्यापक सह सचिव कुमार सविनय की देखरेख में आयोजित यह यात्रा गुरुकुल स्कूल, सुंदरगंज से प्रारंभ होकर उचैला गांव तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों का उत्साह, देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे और भारतीय संस्कृति को दर्शाती आकर्षक झांकियां पूरे यात्रा मार्ग में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
प्रभात यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “भारत की है शान तिरंगा”, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “नशा छोड़ो-जीवन से नाता जोड़ो” तथा “शिक्षा जीवन का आधार है, इसके बिना सब बेकार है” जैसे प्रेरक नारों से लोगों में देशप्रेम के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
नन्हे हाथों में तिरंगा देख लोगों ने किया अभिनंदन
नन्हे-मुन्ने बच्चों को हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़ते देख स्थानीय लोगों ने उनके देशभक्ति के जज्बे को सलाम किया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने बच्चों एवं विद्यालय परिवार का अभिवादन और उत्साहवर्धन किया। अनुशासित कतारों में तिरंगा लेकर चलते विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
रामायण-महाभारत से छठ पूजा तक की झांकियों ने मोहा मन
प्रभात यात्रा में भारतीय संस्कृति, परंपरा और पौराणिक विरासत को दर्शाती कई भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें छठ पूजा, रामायण, महाभारत, राधा-कृष्ण तथा पौराणिक गुरुकुल परंपरा पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत इन झांकियों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, इतिहास, संस्कार और परंपराओं से जोड़ने का सुंदर प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को विद्यालय परिवार की ओर से शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
रोहतास पुलिस ने पूरी यात्रा में संभाली सुरक्षा व्यवस्था
प्रभात यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में रोहतास पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पुलिस के जवान पूरे यात्रा मार्ग में विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह सचिव कुमार सविनय ने कहा कि “तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।”
उन्होंने प्रभात यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले रोहतास पुलिस प्रशासन, अतिथियों, अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से तिरंगा प्रभात यात्रा भव्य, अनुशासित और यादगार बन सकी।

إرسال تعليق