महराजगंज। भारत छोड़ो आंदोलन एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राष्ट्र रक्षा और स्वतंत्रता के लिए प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों की स्मृति में दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज, प्रयाग नगर भैंसा के परिसर में पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश की आजादी और रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की गौरवगाथा सदैव अमर रहेगी। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में आम, पीपल, गोल्ड मोहर, नीम और सहजन के पौधे रोपित किए।
उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन के लिए आवश्यक प्राणवायु उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़-पौधे वायु और जल को स्वच्छ रखने के साथ फल, फूल एवं अन्य पोषक तत्व उपलब्ध कराकर जीव-जगत के संरक्षण में योगदान देते हैं। पर्यावरण प्रदूषण कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मोबाइल फोन का सदुपयोग करने तथा जीवन में अच्छे और सही मित्रों का चयन करने की सलाह दी। स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने का आह्वान किया।
कक्षा निरीक्षण के दौरान डीआईओएस ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, हेल्पलाइन नंबर सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक रमेश चंद पटेल, संस्थापक प्रबंधक उपेंद्र मिश्र, सहायक डायरेक्टर मोहम्मद महफूज अली, वाइस प्रिंसिपल कामलिया सरकार, एजुकेशनल इंचार्ज मनमीत कुमार, प्राइमरी स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा पांडेय, महेंद्र, श्रवण विश्वकर्मा, गंगेश वर्मा, उषा सिंह, नेहा मद्धेशिया, नेहा पटेल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق