मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद।आज दिनांक-27 अगस्त 2026 को औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत सोरी पंचायत के ग्राम माली में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G-RAMG) योजना के तहत ग्रामीण हाट/बाजार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यस्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड के अनुसार, उक्त महत्वपूर्ण योजना का क्रियान्वयन ग्राम पंचायत, सोरी द्वारा किया जा रहा है। योजना की कुल प्राक्कलित राशि ₹27,24,662.00 है, जिसमें सामग्री मद में ₹24,10,052.00 तथा श्रम मद में ₹3,14,609.00 का प्रावधान है। योजना के माध्यम से कुल 1049 मानव दिवस के रोजगार का सृजन होगा। ग्रामीण हाट का निर्माण पंचायत क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हाट के निर्माण से किसानों, स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों तथा आम ग्रामीणों को एक सुव्यवस्थित बाजार स्थल उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय उत्पादों के क्रय-विक्रय को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सके।यह परियोजना केवल आधारभूत संरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निर्माण कार्य के दौरान सृजित होने वाले 1049 मानव दिवस से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार प्राप्त होगा तथा योजना का लाभ सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक पहुँचेगा।
VB-G-RAMG योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा, आधारभूत संरचना, आजीविका से संबंधित परिसंपत्तियों तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सोरी पंचायत में ग्रामीण हाट का निर्माण इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो पंचायत स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति देने और ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

إرسال تعليق