झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राणाडीह पंचायत भवन में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के ऑनलाइन पंजीकरण एवं वितरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गणना प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड करने के साथ-साथ नए एवं आवश्यक प्रपत्रों का वितरण भी किया गया। इस दौरान पंचायत के मुखिया ललित बैठा ने स्वयं शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगों को एसआईआर अभियान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन के लिए सभी पात्र मतदाताओं का समय पर गणना प्रपत्र भरना एवं जमा करना आवश्यक है। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन्हें भी गणना प्रपत्र की आवश्यकता हो, वे पंचायत भवन में मुखिया या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आसानी से प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में बीएलओ प्रेमशिला देवी ने मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन किया। वहीं शिक्षक वरुण शर्मा ने भी ऑनलाइन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग किया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपने गणना प्रपत्र प्राप्त कर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। पंचायत प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि एसआईआर अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

إرسال تعليق