मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 19 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगूसराय से राज्य के सभी प्रखंडों में स्थापित कुल 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण किया गया। इस अवसर का राज्यव्यापी सीधा प्रसारण सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से किया गया।
इसी क्रम में औरंगाबाद जिले के सदर प्रखंड स्थित अनुग्रह इंटर कॉलेज (गेट स्कूल) परिसर में जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस विद्यालय को भी सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है। कार्यक्रम में विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह एवं जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय उद्घाटन समारोह एवं संबोधन का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना। आदर्श विद्यालय के रूप में विद्यालय के चयन से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर स्मार्ट कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद करते हुए गुणवत्तापूर्ण, अनुशासित एवं परिणामोन्मुख शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं से संवाद कर नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि आदर्श विद्यालयों की स्थापना राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकसित समाज एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। और ऐसे विद्यालय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने बताया कि विद्यालय में अनुभवी शिक्षकों द्वारा अध्यापन, स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेलकूद की सुविधाएं, कैरियर मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही डिजिटल शिक्षण संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समकालीन शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।जिला में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में अनुग्रह इंटर कॉलेज (गेट स्कूल), औरंगाबाद, देवांशी उच्च विद्यालय, सुंदरगंज (बारुण), उच्च विद्यालय, चरण महादेवा (नवीनगर), उच्च विद्यालय, डुमरी(कुटुंबा), राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय (देव), उच्च विद्यालय, बेरी (मदनपुर), रानी ब्रजराज उच्च विद्यालय, रफीगंज, उच्च विद्यालय, रुकुंडी (गोह), उच्च विद्यालय, पथरौर (हसपुरा), राष्ट्रीय उच्च विद्यालय, दाउदनगर, उच्च विद्यालय, ओबरा, अनुग्रह कन्या उच्च विद्यालय, औरंगाबाद, टाउन इंटर विद्यालय, औरंगाबाद तथा राजकीयकृत उच्च विद्यालय, जम्होर, औरंगाबाद को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर, शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

إرسال تعليق