⚡ ब्रेकिंग News

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजकीय डिग्री महाविद्यालय, करसांव का किया उद्घाटन।




मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।



औरंगाबाद। आज दिनांक 15/07/2026 ओबरा प्रखंड के करसांव में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को घर के समीप उच्च शिक्षा का मिलेगा अवसर।औरंगाबाद जिले के लिए आज का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण रहा। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने राज्य के नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजकीय डिग्री महाविद्यालय, करसांव (ओबरा), औरंगाबाद का विधिवत उद्घाटन किया।


राजकीय डिग्री महाविद्यालय, करसांव में आयोजित उद्घाटन समारोह मे विधायक, ओबरा प्रकाश चंद्रा, जिला पदाधिकारी  अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.), अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


 मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समावेशी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के संचालन से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा का दायरा विस्तृत होगा, छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ेगा तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को नई दिशा प्राप्त होगी।


जिले में आयोजित समारोह का शुभारंभ विधायक, ओबरा प्रकाश चंद्रा एवं जिला पदाधिकारी  अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्थापित शिलापट्ट का अनावरण किया गया। विधायक,ओबरा प्रकाश चंद्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, करसांव की स्थापना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह महाविद्यालय विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं छात्राओं के लिए वरदान सिद्ध होगा, जिन्हें अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।


उन्होंने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। इस महाविद्यालय के प्रारंभ होने से क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ होगा, युवाओं में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


जिला पदाधिकारी  अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन करसांव, ओबरा एवं पूरे औरंगाबाद जिले के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का अवसर है। इस राजकीय डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन के साथ इस क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का एक नया द्वार खुल रहा है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है। जब किसी क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होती है, तब वहाँ के युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलती है और विकास की गति भी तेज होती है।


उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने 'सात निश्चय-3.0' के अंतर्गत "उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य" अभियान प्रारंभ किया है, जिसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप ऐसे प्रखंडों में नए डिग्री महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ अब तक उच्च शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएँ उपलब्ध नहीं थीं। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों एवं बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।


उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों में जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी। इससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ स्नातक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि "उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य" का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे युवाओं का निर्माण करना है जो ज्ञान, कौशल, नवाचार एवं नैतिक मूल्यों से समृद्ध होकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।


उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुसंधान, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का भी विकास करें। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित बिहार एवं विकसित भारत की मजबूत नींव है।


अपने संबोधन के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि औरंगाबाद जिला प्रशासन इस महाविद्यालय के समुचित संचालन, आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास तथा विद्यार्थियों के हित से जुड़े सभी विषयों पर पूर्ण सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।


उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा—

"आइए, हम सब मिलकर 'उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य' के संकल्प को साकार करें तथा शिक्षित, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।"


समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, करसांव औरंगाबाद जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार, छात्राओं के शैक्षणिक सशक्तीकरण तथा ज्ञान-आधारित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...