⚡ ब्रेकिंग News

मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर में डायलिसिस सेंटर का हुआ शुभारंभ.






मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।



औरंगाबाद।आज दिनांक- 22 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित नए डायलिसिस सेंटरों का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में *अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर* में स्थापित डायलिसिस सेंटर का भी विधिवत शुभारंभ हुआ।मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ किए जाने के उपरांत *जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद  अभिलाषा शर्मा (भा॰प्र॰से॰)* ने अनुमंडल अस्पताल‌ दाउदनगर पहुंचकर फीता काटकर डायलिसिस सेंटर का स्थानीय स्तर पर शुभारंभ किया। तथा केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।


इस अवसर पर बताया गया कि अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर में स्थापित डायलिसिस सेंटर की *कुल क्षमता 5 बेड* की है। वर्तमान में *2 बेड पूर्णतः क्रियाशील* हैं। जिन पर मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शेष *3 बेड आवश्यकता एवं मरीजों की संख्या के अनुरूप संचालित किए जाएंगे*, जिससे भविष्य में अधिकाधिक मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि डायलिसिस सेंटर के संचालन से अब दाउदनगर अनुमंडल एवं आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को आर्थिक एवं समय दोनों की बचत होगी तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।


इस अवसर पर सिविल सर्जन औरंगाबाद, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर, डीपीएम स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी, अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। 


जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई स्वास्थ्य सुविधा आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...