झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटलाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने गुरुवार को कांडी, पतरिया, राणाडीह एवं खरौंधा पंचायत भवनों तथा विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान SIR कार्य में चार पंचायत सहायकों द्वारा गंभीर लापरवाही बरतने का मामला सामने आया। इसके बाद कांडी पंचायत के नितेश कुमार तथा राणाडीह पंचायत के चंदन कुमार, संतु कुमार एवं संजीव कुमार को कारण बताओ (स्पष्टीकरण) नोटिस जारी किया गया। बीडीओ ने सभी संबंधित पंचायत सहायकों को निर्देश दिया है कि वे शुक्रवार सुबह 11 बजे तक सशरीर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया तो संबंधित पंचायत सहायकों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीडीओ राकेश सहाय ने सभी पंचायत सहायकों एवं कार्य में लगे कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि SIR जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी को पूरी जिम्मेदारी एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान बीडीओ ने राणाडीह पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का भी निरीक्षण कर उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर राणाडीह पंचायत के मुखिया ललित बैठा, शिक्षक वरुण शर्मा, बीएलओ प्रेमशिला देवी, रोजगार सेवक मानस कुमार मेहता सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment