महराजगंज, जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली कोतवाली क्षेत्र से साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी फोन पर बिजली बिल में छूट, सस्ता लोन और अन्य आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और उनके बैंक खातों से रकम उड़ा देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुनील निवासी गुरुद्दीनपुरवा लौकही (थाना ईसानगर, जिला खीरी), रोहित कुमार निवासी गिरधारीपुर (थाना धौरहरा, जिला खीरी) तथा मो. अकील निवासी विरसिंगपुर (थाना ईसानगर, जिला खीरी) शामिल हैं। इनमें दो आरोपी आठवीं और एक नौवीं तक पढ़ा है, लेकिन साइबर ठगी का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन, 07 सक्रिय सिम कार्ड, 03 निष्क्रिय सिम कार्ड (एयरटेल, वोडाफोन, जियो), 79 नए निष्क्रिय सिम कार्ड तथा 03 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बड़ी संख्या में लोगों के मोबाइल नंबर जुटाकर उन्हें फोन करते थे। बातचीत के दौरान बिजली बिल में छूट, लोन दिलाने और अन्य आकर्षक ऑफरों का झांसा देकर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उनके झांसे में आता, उसके खाते से रकम निकाल ली जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सक्रिय सिम कार्ड उपलब्ध कराकर संगठित गिरोह के माध्यम से विभिन्न व्यक्तियों को कॉल कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर हॉटस्पॉट अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह का पर्दाफाश किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

Post a Comment