मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद ।
औरंगाबाद।आज दिनांक 20/05/2026 जिला प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण एवं घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 गैस सिलेंडर सहित कई सामग्री जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रीसियप थानाध्यक्ष संजीत राम, अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार, को तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया गया। इसके बाद ग्राम पहरा में संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान विकास कुमार सिंह के आवास एवं दुकान परिसर की सघन तलाशी ली गई। जांच में कुल 105 गैस सिलेंडर, 90 गैस पासबुक, 6 उज्ज्वला गैस चूल्हा, एक रिफिलिंग नोजल पाइप तथा एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद कर जब्त किया गया।प्रशासनिक जांच में प्रथम दृष्टया घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और अवैध भंडारण के साक्ष्य मिले हैं। मामले में विकास कुमार सिंह, पिता मनोज सिंह, ग्राम पहरा, थाना रीसियप के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जमाखोरी या अनधिकृत रिफिलिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही
है।


Post a Comment