⚡ ब्रेकिंग News

इलाज या लापरवाही? 11 माह की मासूम की मौत से मचा हड़कंप, डॉक्टर पर लगा गंभीर आरोप।



महराजगंज:- जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल कस्बे में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 11 माह की मासूम बच्ची की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृत बच्ची की पहचान मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के परासी नरहल निवासी प्रदीप की 11 माह की पुत्री अनन्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता एक निजी संस्था ‘स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस’ में कार्यरत हैं।

परिजनों के अनुसार, बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे बुधवार सुबह करीब 11 बजे परतावल स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर संजय कुमार सिंह पहले से उसका इलाज कर रहे थे। बच्ची को भाप (नेबुलाइजेशन) दिलाने के लिए लाया गया था।

आरोप है कि इलाज के दौरान अचानक बच्ची की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह और परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

        प्रभारी महराजगंज 

            कैलाश सिंह.

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...