महराजगंज। कभी छोटे-मोटे विवादों और शिकायतों को लेकर चर्चा में रहने वाला घुघली थाना अब अपनी बदली कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग के कारण लोगों के भरोसे का केंद्र बनता जा रहा है। बीते लगभग डेढ़ वर्ष में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले जहां छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़ जाते थे और पुलिस तक शिकायतें पहुंचती थीं, वहीं अब समय पर हस्तक्षेप और प्रभावी कार्रवाई से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान हो जा रहा है। थाना पुलिस द्वारा नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई तथा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर संवाद बढ़ाकर पुलिस-जन सहयोग को भी मजबूत किया गया है।
व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि बाजारों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से चोरी-छिनैती जैसी घटनाओं में कमी आई है। वहीं पारिवारिक और जमीन से जुड़े विवादों में भी थाना स्तर पर समझौता कराने की पहल से लोगों को राहत मिली है।
थाना प्रभारी का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता का विश्वास जीतना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इसी तरह की सक्रियता बनी रही तो घुघली थाना आने वाले समय में आदर्श पुलिसिंग का उदाहरण बन सकता है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
إرسال تعليق