संजय कुमार चौरसिया ब्यूरो रिपोर्ट बस्ती .
बस्ती। गुरुवार सायंकाल राजभवन बस्ती में आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत द्वारा महिला संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ, जिससे वातावरण में भारतीय परंपरा और स्वास्थ्य चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता आरोग्य भारती के अखिल भारतीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए उपस्थित महिलाओं एवं गणमान्यजनों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने, मौसमी फल एवं सब्जियों के सेवन तथा संतुलित आहार अपनाने पर बल दिया। बढ़ते जंक फूड के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव घर से ही रखी जाती है।
डॉ. वार्ष्णेय ने पारिवारिक संतुलन को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक भोजन, एक साथ बैठकर संवाद करने और आपसी समझ बढ़ाने को स्वस्थ परिवार की पहली सीढ़ी बताया। उन्होंने कहा कि परिवार में संवाद और स्नेह ही मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्ती रियासत की राजमाता श्रीमती आशिमा सिंह रहीं। इस अवसर पर उन्हें आरोग्य भारती की ओर से स्मृति चिन्ह एवं ‘आरोग्य संपदा’ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में राजमाता जी ने स्वच्छता को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए घर-घर और मोहल्लों में साफ-सफाई के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आरोग्य भारती गोरक्ष प्रांत के सचिव डॉ. दीपक सिंह ने किया। आरोग्य भारती बस्ती के मार्गदर्शक डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी ने जैविक (ऑर्गेनिक) खेती को स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे अपनाने की सलाह दी। अंत में जिलाध्यक्ष डॉ. वी.के. श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक डॉ. संग्राम सिंह, जिला सचिव निरंकुश शुक्ला, डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. प्रीतम गुप्ता, योगाचार्य सन्नो दुबे, गरिमा तिवारी, सविता शुक्ला, आदित्य नारायण गोस्वामी, सौरभ बोस, अजीत प्रताप सिंह, डॉ. राजेश पटेल (सर्जन), विनय गुप्ता सहित अनेक महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
संगोष्ठी ने स्वस्थ समाज, सशक्त परिवार और स्वच्छ परिवेश की दिशा में सामूहिक संकल्प का संदेश दिया।
إرسال تعليق