संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS11GROUP
बिहार में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने की दिशा में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत नगवां गांव में एक विशेष किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के माननीय गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय कुमार ने गन्ने की पेराई कर गुड़ उद्योग का, गन्ने का पौधा रोपकर 'सिंगल बड आधारित गन्ना नर्सरी' का और साथ ही 'यंत्र बैंक' का विधिवत शुभारंभ किया।
गन्ने की खेती को लाभकारी उद्योग बनाना सरकार का लक्ष्य..
किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री संजय कुमार ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार कम जमीन में अधिक से अधिक गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, संसाधन और वैज्ञानिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर गन्ने की खेती को एक उच्च लाभकारी उद्योग के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में सीधी वृद्धि होगी।
मंत्री ने आगे कहा कि पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में गन्ना आधारित उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। गन्ना अब केवल चीनी तक सीमित नहीं है, बल्कि गुड़, इथेनॉल और अन्य सह-उत्पादों के जरिए रोजगार और उद्यमिता के नए द्वार खुल रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर बाजार मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों ने दी योजनाओं की विस्तृत जानकारी..
कार्यक्रम में विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय गन्ने की शरदकालीन बुवाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने किसानों से उन्नत किस्म के बीज, आधुनिक यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की अपील की। नगवां गांव में एक ही जगह पर नर्सरी, यंत्र बैंक और गुड़ उद्योग की स्थापना को उन्होंने किसानों के लिए एक मील का पत्थर बताया।
ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न अनुदान योजनाओं की जानकारी दी और इन तीनों इकाइयों को स्थापित करने वाले प्रगतिशील किसान श्री रवि रंजन कुमार को बधाई दी। रवि रंजन कुमार ने इस दौरान क्षेत्र में लगभग 50 एकड़ भूमि पर गन्ने की खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति समारोह के दौरान इंडियन पोटाश लिमिटेड द्वारा नियुक्त सकरी एवं रैयाम चीनी मिल के यूनिट हेड एन.पी. सिंह, गन्ना हेड़ विनोद तिवारी, उप निदेशक ईख विकास संजय कुमार समेत कई गणमान्य अधिकारी और सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक ईख विकास रेमंत झा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

إرسال تعليق