मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 13/09/2026 जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के मार्गदर्शन में आगामी 15 सितंबर 2026 को निर्धारित पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को शिविर की प्रक्रिया,आवेदन जमा करने की व्यवस्था एवं उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि अधिकाधिक पात्र एवं जरूरतमंद नागरिक इस पहल से लाभान्वित हो सकें। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं, शिकायतों अथवा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों के संबंध में शिविर से पूर्व ही पंचायत सरकार भवन में अपना आवेदन जमा करें। ताकि प्राप्त आवेदनों का पूर्व परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। तथा शिविर के दौरान उनके मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया को त्वरित एवं प्रभावी बनाया जा सके।
“सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों की सुलभ प्राप्ति एवं उनके त्वरित, पारदर्शी तथा प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक शिविर के आयोजन से पूर्व संबंधित पंचायतों में कम-से-कम 30 दिन पूर्व से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि प्राप्त आवेदनों का पूर्व परीक्षण कर निष्पादन प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा सके। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक शिविर हेतु वरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सहयोगी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को शिविर के सफल संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में दिनांक 15 सितंबर को आयोजित होने वाले पंचायतवार "सहयोग शिविर" के अंतर्गत कुटुम्बा प्रखंड के रिसियप एवं भरौंधा पंचायत, औरंगाबाद प्रखंड के पोखराहां पंचायत, बारूण प्रखंड के पिपरा एवं धनगाई पंचायत, देव प्रखंड के हसौली एवं पवई पंचायत, मदनपुर प्रखंड के पिपरौरा एवं वार पंचायत, रफीगंज प्रखंड के पौथु एवं इटार, नवीनगर प्रखंड के महुआंव एवं अंकोराह पंचायत, ओबरा प्रखंड के तेजपुरा एवं डिहरा पंचायत, दाउदनगर प्रखंड के शमशेर नगर एवं अरई पंचायत, गोह प्रखंड हथियारा एवं बनतारा पंचायत तथा हसपुरा प्रखंड पिरु पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिकों को इस पहल का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

إرسال تعليق