झारखंड गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस अभूतपूर्वक हर्षोल्लास, और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। अहले सुबह से ही पूरे प्रखंड में देशभक्ति गीतों की धुन गूंजने लगी। निर्धारित समय पर सरकारी गैर-सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, पंचायत भवनों से लेकर चौराहों तक तिरंगा लहराता नजर आया। बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों सभी के हाथों में तिरंगा और चेहरे पर गर्व साफ दिख रहा था। प्रखंड कार्यालय परिसर में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई।
ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय ने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन हमारे लिए सिर्फ एक तारीख नहीं है, बल्कि यह हमारे पूर्वजों के त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक है। आज हम आजाद हवा में सांस ले रहे हैं तो यह उन शहीदों की देन है, जिन्होंने हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। इसका मान बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। आइए हम सब मिलकर नशा मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित कांडी प्रखंड बनाने का संकल्प लें। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है। उनके संबोधन के दौरान "जय हिंद" और "भारत माता की जय" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। वहीं थाना परिसर में थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने ध्वजारोहण किया। पुलिस के जवानों ने सलामी दी और मधुर धुन पर देशभक्ति गीत बजाए गए।
अपने संबोधन में थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने कहा कि आजादी की कीमत हमें पता है, क्योंकि हमारे जवान सीमाओं पर 24 घंटे देश की रक्षा में तैनात हैं। स्वतंत्रता का असली मतलब अनुशासन और कानून का पालन है। कांडी की जनता से अपील है कि आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कांडी पुलिस हमेशा आपकी सेवा में तत्पर है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।जबकि प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर में डॉ. मंजय, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में प्रबंधक प्रेमवर्धन व झारखंड कौशल विकास केंद्र पर प्रबंधक विकास चंद्रा ने ध्वजारोहण किया और कर्मियों को राष्ट्र सेवा का संकल्प दिलाया।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस का जोश देखते ही बन रहा था। कांडी पंचायत सचिवालय में मुखिया विजय राम, पतरिया में मुखिया पुष्पा देवी, पतीला में मुखिया अमित कुमार दुबे, बलियारी पंचायत भवन में मुखिया पुरषोत्तम कुमार रवि लमारी कला में मुखिया शशि कुमारी, घटहुआं कला में मुखिया कौशल्या देवी, चटनियां में मुखिया पूजा कुमारी ने अपने-अपने पंचायत भवनों पर तिरंगा फहराकर ग्रामीणों को विकास और एकता का संदेश दिया। वहीं शिक्षा जगत में भी बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कांडी में प्रभार प्रधानाध्यापिका आशा कुमारी के द्वारा झंडा तोलन किया गया। वहीं राजकीय माध्यमिक विद्यालय बुनियादी सेमौरा में प्रधानाध्यापक अंजय कुमार रवि,उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुटहेरिया में छठी लाल प्रसाद, गोसांग में गोविंदर राम, राजा घटहुआं में श्रवण राम, चटनियां में कुलदीप राम, प्राथमिक विद्यालय पिपरडीह में बिपिन कुमार पांडेय और द इंडियन पब्लिक स्कूल लमारी कला में उदित कुमार बैठा ने ध्वजारोहण किया। स्कूलों में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। "ए वतन मेरे वतन" और "सारे जहां से अच्छा" जैसे गीतों पर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। उक्त सभी कार्यक्रमों में वक्ताओं का एक ही संदेश था कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस और लाखों अनाम वीरों ने अपने खून से इस तिरंगे को सींचा है। अब हमारा कर्तव्य है कि हम जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर एकजुट होकर देश और समाज के निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय, प्रभारी कृषि पदाधिकारी शाहिद अंसारी, बीपीओ कमलेश कुमार, राजस्व कर्मचारी गणेश सिंह चौधरी, रोजगार सेवक असलम खान, छोटन बैठा, पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि रिंकू सिंह, विधायक प्रतिनिधि अजीज अंसारी, पंचायत सचिव प्रवीण कुमार पांडेय, संतोष कुमार सिंह, कृषक मित्र संघ के प्रखंड अध्यक्ष इमामुद्दीन खान सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण, शिक्षक, छात्र, आंगनबाड़ी सेविका और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में शहीदों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और मिष्ठान वितरण किया गया। कुल मिलाकर पूरा कांडी प्रखंड राष्ट्र प्रेम में डूबा हुआ था। तिरंगे की शान और शहीदों की याद ने हर दिल में नई ऊर्जा का संचार किया।

إرسال تعليق