महराजगंज। भारत-नेपाल की अति संवेदनशील सोनौली सीमा पर शनिवार रात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सतर्कता से एक संदिग्ध गतिविधि सामने आई। बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक अमेरिकी नागरिक को एसएसबी ने हिरासत में ले लिया। घटना के बाद सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और विदेशी नागरिक की पहचान, उसके यात्रा उद्देश्य तथा उसके दावों का गहन सत्यापन किया जा रहा है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे सीमा स्तंभ संख्या-516 के निकट एक विदेशी नागरिक नेपाल की ओर बढ़ता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रोककर पासपोर्ट एवं अन्य यात्रा दस्तावेज मांगे। इस दौरान वह अचानक वहां से भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम सैम ब्राउन बताते हुए स्वयं को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया। उसने दावा किया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है, इसलिए वह कोई वैध यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे मिलने के लिए वह सोनौली पहुंचा था। हालांकि वह उस व्यक्ति का पूरा पता, संपर्क या कोई अन्य विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका, जिससे सुरक्षा एजेंसियों का संदेह और गहरा गया।
विदेशी नागरिक ने यह भी दावा किया कि उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है तथा वह अमेरिकी नेवी की स्पेशल फोर्स में कार्य कर चुका है। उसके अनुसार उसने लगभग दो वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी और अब तक करीब 70 देशों की यात्रा कर चुका है। उसने यह भी बताया कि भारत आने से पहले वह इंडोनेशिया के बाली में था।
घटना के बाद एसएसबी ने संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी है। सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां उसके दावों की सत्यता, यात्रा के वास्तविक उद्देश्य तथा भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचने की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही हैं।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق