मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद।आज दिनांक 16 जुलाई 2026 को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद, अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्य प्राप्ति तथा योजनांतर्गत उत्पन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों, विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को योजनांतर्गत लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा लाभुकों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि औरंगाबाद जिले के लिए 6,578 लाभुकों का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके लिए 7,236 किलोवाट क्षमता का लक्ष्य तय किया गया है। जिले की 55 पंचायतों से अब तक 8,505 कंसेंट (Consent) अपलोड किए जा चुके हैं। योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 100 मानवबल प्रतिनियोजित किए गए हैं ।तथा नवंबर 2026 तक लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रतिदिन 49 संस्थापन (Installation) किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।बैठक में "एक सूर्य ग्राम-एक राजस्व ग्राम" अभियान की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 10 प्रखंडों में 10 राजस्व ग्राम चिन्हित किए गए हैं।जहां संबंधित पंचायतों में कुल 3,263 पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ता हैं। तथा वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इन चयनित गांवों में 13,382 आवास हैं। इन गांवों में अभियान चलाकर अधिकाधिक लाभुकों को योजना से जोड़ा जाएगा।
इसी प्रकार प्रस्तावित मॉडल सोलर विलेज के अंतर्गत औरंगाबाद, बारुण, देव, मदनपुर, नवीनगर, कुटुम्बा, दाउदनगर, ओबरा, गोह, हसपुरा एवं रफीगंज प्रखंडों के 11 गांवों का चयन किया गया है, जहां कुल 1,966 घरेलू विद्युत उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने इन गांवों में अभियान चलाकर योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।योजना की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि अब तक जिले में 1,012 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें 762 लाभुकों द्वारा विक्रेता (Vendor) का चयन किया जा चुका है। प्राप्त आवेदनों में से 1,002 आवेदनों की तकनीकी व्यवहार्यता (Feasibility) स्वीकृत की जा चुकी है। निरीक्षण के उपरांत 174 मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई है तथा अब तक 184 रूफटॉप सोलर संयंत्रों का सफलतापूर्वक संस्थापन किया जा चुका है।
बैठक में सब्सिडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 170 मामलों में सब्सिडी की प्रक्रिया पूर्ण की गई।जिनमें 164 मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई तथा 162 लाभुकों के बैंक खातों में सब्सिडी राशि का भुगतान किया जा चुका है।बैंकवार ऋण आवेदनों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न बैंकों में कुल 436 ऋण आवेदन विभिन्न चरणों में लंबित अथवा प्रक्रियाधीन हैं। इनमें 55 आवेदन प्रारंभिक अवस्था में, 13 मामलों में आंशिक ऋण राशि का वितरण, 27 मामलों की प्रक्रिया पूर्ण, 72 मामलों में ऋण राशि का वितरण, 31 आवेदन स्वीकृत, 32 मामलों में निर्धारित अवधि समाप्त, 1 आवेदन निरस्त, 202 आवेदन अस्वीकृत तथा 3 आवेदन स्वीकृति के उपरांत निरस्त की श्रेणी में हैं। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि औरंगाबाद नगर परिषद एवं दाउदनगर नगर परिषद क्षेत्र में 200 से 500 यूनिट प्रतिमाह विद्युत खपत करने वाले 9,084 घरेलू उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी पात्र उपभोक्ताओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने हेतु विशेष जागरूकता एवं नामांकन अभियान चलाया जाए।बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों, विद्युत वितरण कंपनी, बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजना के सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अधिकाधिक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।उक्त बैठक में वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यान्वयन एजेंसियों तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

إرسال تعليق