मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 23/07/2026 जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा(भा॰प्र॰से॰) एवं पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद उपेन्द्रनाथ वर्मा(भा॰पु॰से॰) द्वारा समाहरणालय सभागार में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ), नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों (ईओ) एवं सभी थानाध्यक्षों के साथ नियमित विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की संभावना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि अन्य जिलों की भाँति किसी भी प्रकार की अराजकता, उपद्रव अथवा अनधिकृत धरना-प्रदर्शन को औरंगाबाद जिले में किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर धरना-प्रदर्शन अथवा भीड़ एकत्रित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अथवा संगठन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी बीडीओ, ईओ एवं थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आमजन से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और आवश्यक होने पर प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की गई।
साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं अनुमंडल पदाधिकारी, दाउदनगर को विशेष रूप से विधि-व्यवस्था पर नियंत्रण बनाये रखने के लिए निदेशित किया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता विशेष शार्दुल हसन खाँ, अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण जयप्रकाश नारायण, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ़्तेख़ार अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी उपस्थित थे। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, भूमि सुधार उप समाहर्ता दाउदनगर, सभी बीडीओ एवं नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

إرسال تعليق