महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में बुधवार की शाम खेलते समय एक चार वर्षीय मासूम को सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में बच्चे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए महराजगंज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरगदही गांव निवासी ऐनुल हक का चार वर्षीय पुत्र आसिफ बुधवार शाम करीब छह बजे अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उसके पैर में काट लिया। मासूम की चीख सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज रेफर कर दिया। परिजन तत्काल उसे लेकर महराजगंज पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आसिफ अपने माता-पिता की दो बेटियों के बीच इकलौता पुत्र है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की जा रही है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق