महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महराजगंज द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम त्रैमास (अप्रैल, मई एवं जून 2026) के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार (टीएचआर) वितरण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी निर्देश के अनुसार जनपद के सभी पंजीकृत लाभार्थियों को भारत सरकार एवं खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत निर्धारित पोषण मानकों के अनुरूप पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाएगा।
पत्र के अनुसार 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार पौष्टिक खाद्य सामग्री प्रदान की जाएगी। इसमें आटा-बेसन हलवा, दलिया, सोया मिश्रित खाद्य पदार्थ एवं ऊर्जा युक्त पुष्टाहार शामिल हैं। सरकार द्वारा संशोधित पोषण मानकों के अनुरूप लाभार्थियों को कैलोरी एवं प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सिसवा परियोजना में नैफेड द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार उपलब्ध कराने की तिथि 18 जून से 28 जून 2026 तथा लाभार्थियों में वितरण की तिथि 19 जून से 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। सदर परियोजना में 19 जून से 26 जून तक केंद्रों पर आपूर्ति एवं 20 जून से 28 जून तक वितरण होगा। वहीं बृजमनगंज परियोजना में 22 जून से 26 जून तक आपूर्ति तथा 23 जून से 28 जून तक लाभार्थियों में वितरण किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया है कि वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा फेस रिकग्निशन सिस्टम और ओटीपी आधारित सत्यापन के माध्यम से ही लाभार्थियों को पुष्टाहार वितरित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरण के समय ई-एलएमडी एप के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन कर वितरण की पुष्टि करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पोषण सामग्री पहुंचाना तथा कुपोषण को कम करना है। वितरण कार्य की निगरानी संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.



إرسال تعليق