महराजगंज:-थानाक्षेत्र बृजमनगंज के अंतर्गत दुबौलिया ग्राम पंचायत के जमुनहीया गांव में शनिवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक हीरो होंडा साइन बाइक अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सबसे चिंताजनक बात यह है कि बाइक पर आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे मृतक और घायलों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने का प्रयास जारी है।
बृजमनगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन युवकों के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत थाना बृजमनगंज से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।
इस हृदयविदारक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق