संजय कुमार चौरसिया ब्यूरो रिपोर्ट बस्ती .
बस्ती। बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गर्रवाह गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 16 मार्च 2026 की शाम गांव के ही कुछ लोगों ने सर्वेश चन्द्र दुबे को रास्ते से जबरन अपने बाउंड्री में खींच लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित की पत्नी प्रीति दुबे के अनुसार, हमलावरों में अंबिका दुबे, जगदंबिका दुबे, गौरव दुबे, हिमांशु और राजकुमार दुबे शामिल हैं, जिन्होंने पुरानी भूमि विवाद और मुकदमे की पैरवी से नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया। हमले में सर्वेश दुबे का पैर दो जगह से टूट गया और शरीर पर 16 गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां 21 मार्च को उनका ऑपरेशन किया गया।
इतना ही नहीं, आरोपी घटना के बाद गांव में लगातार परिवार के लोगों को धमका रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि ऑपरेशन के दिन ही आरोपी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के बाहर पहुंच गए और परिजनों को धमकाते हुए समझौते का दबाव बनाने लगे। इससे पूरा परिवार भयभीत है। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है, वहीं सीसीटीवी फुटेज से घटना की पुष्टि की बात भी कही गई है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

إرسال تعليق