मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 06/11/2026 राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘शब्दाक्षर’ के तत्त्वावधान में पुण्यश्लोक जगदीश प्रसाद सिंह की स्मृति में ब्लॉक मोड़, औरंगाबाद स्थित पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन में एक भव्य कवि-सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने की, जबकि मंच का संयुक्त संचालन धनंजय जयपुरी एवं विनय ‘मामूली बुद्धि’ ने किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात् उपस्थित अतिथियों एवं साहित्यकारों ने स्व. सिंह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
दो सत्रों में विभक्त इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मंचासीन अतिथियों ने स्व. जगदीश प्रसाद सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन-मूल्यों और स्मरणीय योगदानों की चर्चा की।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में काव्य की सरस धारा प्रवाहित हुई। लवकुश प्रसाद सिंह, डॉ. ओमप्रकाश पांडेय, अनुज ‘बेचैन’, अनिल अनल, जलज जी, नागेंद्र केसरी, हिमांशु चक्रपाणि, केशर कुमार, सुरेश ठाकुर एवं डॉ. सुमन लता सहित अन्य कवियों ने अपनी विविधवर्णी काव्य-प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर किया। उपस्थित श्रोताओं ने कवि-कवयित्रियों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने स्व. सिंह के सुपुत्रद्वय प्रेमनाथ सिंह एवं श्रीनाथ सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि अपने पिता की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने और उनकी पुण्यतिथि को साहित्यिक अभिव्यक्ति से जोड़ने का उनका यह सराहनीय प्रयास न केवल उनकी पितृभक्ति का परिचायक है, बल्कि साहित्य एवं संस्कृति के प्रति उनके अनुराग और सामाजिक प्रतिबद्धता का भी सुंदर उदाहरण है।
इस अवसर पर प्रो शिवपूजन सिंह, शैलेंद्र कुमार रागी, दीपक सिंह, श्रवण सिंह, सहित लगभग छः दर्जन साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

إرسال تعليق