महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपनगर शिकारपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों में योग महापर्व का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह छह बजे से ही क्षेत्र के अमृत सरोवरों, मनरेगा पार्कों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विद्यालय परिसरों में लोगों की भीड़ जुटने लगी। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" रही, जिसका मुख्य उद्देश्य बढ़ती उम्र में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखना तथा सक्रिय एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य को आत्मसात करते हुए क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
शिकारपुर क्षेत्र के सेमरा राजा, अगया, लक्ष्मीपुर शिवाला, भिसवा, दरौली, सिसवा राजा, राजमंदिर, इमिलिया, कृत पिपरा, गिदहा, पकड़ी खुर्द, सवना, सवरेजी, सिसवा बाबू, पिपरा बाबू, मुजहना, रामपुरवा, सतभरिया, करमहा, गौनरिया बाबू, बरवा विद्यापति, फुलवरिया, शिकारपुर, बल्लोखास, परसा गिदही, पड़री खुर्द, रामपुर महुअवा, पकड़ी सिसवा, विशुनपुर भड़ेहर, लक्ष्मीपुर एकडंगा, नंदना, शिवपुर, गोपाला, सिरसिया, बैरिया, हरखपुरा, बरवा खुर्द, बेलवा टीकर, करमही, धर्मपुर, विशुनपुर गबडुवा तथा हरपुर महंत सहित अनेक गांवों में योग शिविर आयोजित किए गए।
योग प्रशिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों को योग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे योगासन किए। वहीं महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
योग दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। गांव-गांव में गूंज रहे “करें योग, रहें निरोग” के नारों ने वातावरण को स्वास्थ्य चेतना से ओतप्रोत कर दिया।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह

إرسال تعليق